सुशासन तिहार में साकार हुआ पक्के घर का सपना
जशपुरनगर में आयोजित शिविर में हितग्राहियों को मिला पीएम आवास का अनुज्ञा पत्र
लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री श्री साय का जताया आभार
जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार प्रदेश में सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत शिविर लगाकर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इसी के तहत जशपुरनगर में लगे शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दो हितग्राहियों का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। शिविर में श्री अवधेश कुमार गुप्ता तथा श्रीमती गीता साहू को मकान निर्माण हेतु अनुज्ञा पत्र प्रदान किया गया। अनुज्ञा पत्र प्राप्त करते ही दोनों हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। हितग्राहियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से अब उनका पक्के घर का सपना पूरा होने जा रहा है, जो लंबे समय से अधूरा था। उन्होंने कहा कि यह सब राज्य सरकार की संवेदनशीलता और सुशासन का परिणाम है, जिससे जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है।
हितग्रहियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार की जनहितैषी योजनाओं से आम लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव आ रहा है। सुशासन तिहार के तहत आयोजित ऐसे शिविर न केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम बन रहे हैं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
