सिपेट, कोरबा में तकनीकी पाठ्यक्रमों से युवाओं को मिल रहा सुनहरा भविष्य गढ़ने का अवसर
प्लास्टिक्स एवं पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और लगभग शत-प्रतिशत प्लेसमेंट की सुविधा
जशपुर : केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), कोरबा, रसायन एवं पेट्रोरसायन विभाग, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित एक आईएसओ 9001:2015 प्रमाणित राष्ट्रीय संस्थान है, जो प्लास्टिक्स एवं पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में कौशल विकास, तकनीकी सहायता, शिक्षा एवं अनुसंधान कार्यों के लिए समर्पित है। भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त प्रयासों से वर्ष 2018 में ऊर्जा नगरी कोरबा में इसकी स्थापना की गई। सिपेट, कोरबा में आधुनिक आधारभूत संरचना, अत्याधुनिक मशीनें एवं उन्नत उपकरण उपलब्ध हैं, जो प्रशिक्षणार्थियों को तकनीकी दक्षता प्रदान करने के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
संस्थान में एनबीए (NBA) एवं एआईसीटीई (AICTE) से मान्यता प्राप्त 3 वर्षीय रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स टेक्नोलॉजी (DPT) एवं डिप्लोमा इन प्लास्टिक्स मोल्ड टेक्नोलॉजी (DPMT) शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है, जबकि लेटरल एंट्री के माध्यम से सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश के लिए विज्ञान विषय के साथ 12वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी www.cipet.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थान में बालक एवं बालिका छात्रावास की सुविधा उपलब्ध है तथा छत्तीसगढ़ शासन के नियमानुसार छात्रवृत्ति का लाभ भी प्रदान किया जाता है।
इसके अलावा संस्थान में एनसीवीटी प्रमाणित एवं नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (NSQF) आधारित अल्पकालीन रोजगारोन्मुखी कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इनमें प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना तथा एनटीपीसी एवं एसईसीएल द्वारा प्रायोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं।
वर्तमान में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत 11वीं उत्तीर्ण युवाओं के लिए मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक्स प्रोसेसिंग पाठ्यक्रम में 4 माह का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रशिक्षणार्थियों को प्लास्टिक्स एवं संबंधित उद्योगों में लगभग शत प्रतिशत पल्समेंट, देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं तथा स्वरोजगार के लिए भी मार्गदर्शन दिया जाता है। इच्छुक अभयअधिक जानकारी के लिए सिपेट, एजुकेशन हब, स्याहीमुड़ी, जमनीपाली, कोरबा (छ.ग.) पिन-495450 अथवा मोबाइल नंबर 8984010720 पर संपर्क कर सकते हैं।
