चोरी की कोशिश का विरोध पड़ा भारी, निर्माणाधीन मकान से बोरवेल मशीन चोरी करने पहुंचे दो आरोपी पकड़े गए; महिला को चाकू दिखाकर धमकाने वाले आरोपियों से चोरी का सामान और लोहे का चाकू बरामद, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात नाकाम

निर्माणाधीन मकान में चोरी की कोशिश, चांपा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

चाकू दिखाकर दी धमकी, चोरी का सामान एवं हथियार बरामद

जांजगीर-चांपा : थाना चांपा क्षेत्र के भोजपुर में निर्माणाधीन मकान में चोरी करने की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के प्रयास में प्रयुक्त सामान एवं एक लोहे का चाकू बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

घटना का विवरण प्रार्थिया ममता देवी निवासी भोजपुर चांपा ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने अपने निर्माणाधीन मकान में लगे बोरवेल की मशीन को दो व्यक्तियों द्वारा खोलकर चोरी करने का प्रयास करते देखा। प्रार्थिया द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने धमकी दी। आरोपी अविनाश यादव के हाथ में लोहे का चाकू था। प्रार्थिया के शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से भागने लगे, जिन्हें मोहल्ले के लोगों ने पकड़ लिया।

रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल आरोपियों अविनाश यादव (35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17 भोजपुर चांपा एवं कुश सिंह चौहान (19 वर्ष), निवासी भोजपुर चांपा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी अविनाश के कब्जे से लोहे का चाकू तथा आरोपी कुश सिंह के कब्जे से चोरी का स्टार्टर एवं अन्य सामान बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

उपरोक्त कार्यवाही में निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे थाना प्रभारी चांपा एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा

Related posts