पत्थलगांव में हुई मोबाइल दुकान में चोरी का जशपुर पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से चोरी के मोबाइल फोन से मिला पुलिस को अहम सुराग
थाना पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत रहने वाले विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा मिलकर चोरी की वारदात को दिया गया था अंजाम
विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा चोरी की योजना बनाकर रात में दुकान का ताला काटकर मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान किया था पार
पुलिस ने चोरी के 12 मोबाइल सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान बरामद
जशपुर : प्रार्थी स्वनील सोनी, निवासी पत्थलगांव द्वारा दिनांक 10.09.2026 को थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 10.09.2026 की रात्रि करीब 01:00 से 02:00 बजे के मध्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके न्यू लक्ष्मी मोबाइल दुकान के शटर में लगे ताले को तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया गया तथा दुकान से नए एवं पुराने मोबाइल फोन एवं अन्य सामान चोरी कर लिया गया। चोरी किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 2,34,300 रुपये बताई गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 201/2026, धारा 305(ए), 331(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
चोरी के मोबाइल से मिला पुलिस को अहम सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा चोरी गए मोबाइल फोन एवं आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी। पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिसअधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा एस डी ओ पी पत्थलगांव डॉ ध्रुवेश जायसवाल के पर्यवेक्षण में संदिग्धों की पता साजी हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए, पुलिस की टेक्निकल टीम को भी सक्रिय किया गया था, साथ ही पत्थलगांव पुलिस की टीम भी लगातार आस पास लगे सी सी कैमरों की फुटेजों को चेक कर रही थी,इसी दौरान चोरी किए गए एक मोबाइल फोन को पुलिस की टेक्निकल टीम के द्वारा ट्रेस करने में सफलता मिली। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा पपत्थलगांव में ही संदिग्धों के रहने के स्थान पर दबिश दी गई। जहां उक्त चोरी के मोबाइल को उपयोग करने वाला विधि से संघर्षरत बालक मिला। उससे पूछताछ करने पर उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर न्यू लक्ष्मी मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
सभी ने मिलकर बनाई चोरी की योजना
पूछताछ में पकड़े गए विधि से संघर्षरत बालक के दद्वारा बताया गया कि दिनांक 09.09.2026 की रात्रि में वह तथा उसके 10 साथी जो सभी नाबालिक है व विद्यार्थी हैं, व एक छात्रवास में रहते हैं। सभी ने मिलकर चोरी करने की योजना बनाई थी।
योजना के अनुसार घटना दिनांक के रात्रि करीब 12:00 से 01:00 बजे के मध्य छात्रावास से छिपते हुए सभी शनि मंदिर के सामने स्थित न्यू लक्ष्मी मोबाइल दुकान के पास पहुंचे। दुकान का ताला काटने के लिए लोहे को काटने वाली आरी ब्लेड का उपयोग किया गया।
उसके दो साथियों ने दुकान के शटर में लगे ताले को आरी ब्लेड से काटा , जबकि अन्य साथी आसपास घूमकर रास्ते में किसी व्यक्ति के आने-जाने की निगरानी एवं रेकी कर रहे थे।
ताला कट जाने के बाद शटर को थोड़ा ऊपर उठाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया गया। इस दौरान कुछ साथी दुकान के बाहर रहकर रेकी कर रहे थे।
मोबाइल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान किया चोरी
दुकान के अंदर प्रवेश करने के बाद सभी ने वहां रखे मोबाइल फोन, चार्जर, केबल, ईयर बड, नेक बैंड एवं ब्लूटूथ ईयर फोन सहित अन्य सामान चोरी किया।
चोरी की वारदात के बाद सभी लोग रात में ही खेल मैदान के सुनसान स्थान पर पहुंचे, जहां चोरी किए गए मोबाइल एवं अन्य सामान का आपस में बंटवारा किया गया।
करीब डेढ़ लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद
पुलिस द्वारा विधि से संघर्षरत बालकों से पृथक-पृथक पूछताछ कर उनके कब्जे एवं निशानदेही से चोरी का सामान बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान—
– 12 नग मोबाइल फोन
– 01 नग डमी मोबाइल
– 03 नग मोबाइल चार्जर केबल सहित
– 02 नग मोबाइल चार्जर केबल
– 02 नग ईयर बड
– 02 नग ब्लूटूथ ईयर फोन
कुल अनुमानित कीमत लगभग 1,50,000 रुपये का सामान विधिवत जप्त किया गया है।
प्रकरण में थाना पत्थलगांव पुलिस द्वारा आरोपित विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में विधि के प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
