जशपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर ने ली अधिकारियों की समीक्षा बैठक
सभी धान खरीदी केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,
जशपुर. कलेक्टर रितेश कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में विगत दिवस मंत्रणा सभाकक्ष में जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली गई। उन्होंने धान खरीदी के लिए सभी सहकारी समितियों पर आवश्यक सभी व्यवस्था सुनिश्चित रखने हेतु निर्देशित किया। साथ ही धान खरीदी केन्द्रांे की साफ-सफाई, चबूतरा, शेड की व्यवस्था, बिजली, बारदाना की उपलब्धता, आद्रता मापी यंत्र, काटा-बांट, पेयजल, किसानों की बैठक व्यवस्था, कैप कव्हर आदि की व्यवस्था रखने की बात कही।
उन्होंने अन्य राज्य की सीमाओं से लगे सभी सीमावर्ती चेकपोस्ट पर अवैध धान की परिवहन को रोकने के लिए उन्होंने चेकपोस्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर सतत् निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के.एस.मण्डावी, अपर कलेक्टर आई.एल.ठाकुर, समस्त एसडीमए सहित खाद्य, कृषि, सहकारिता, मार्कफेड के जिला स्तरीय अधिकारी और जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी राजस्व निरीक्षक, पटवारी, धान खरीदी केन्द्रांे के नोडल अधिकारी व प्रबंधक उपस्थित थे।

श्री अग्रवाल ने बैठक में कहा कि किसानों से सर्मथन मूल्य पर धान खरीदी करना प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता का काम है। उन्होंने धान खरीदी के संबंध में राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों से सभी अधिकारियों को अवगत कराया। वास्तविक किसानों को धान खरीदी में किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। इस हेतु आवश्यक तैयारी समय रहते पूर्ण करने के लिए कहा। उन्होंने धान विक्रय के लिए शेष बचे किसानों पंजीयन को भी षीघ्रता से पूर्ण कराने की बात कही।
श्री अग्रवाल ने धान खरीदी केन्द्रवॉर व्यवस्था की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी धान खरीदी केन्द्र में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित रखा जाए। उन्होंने कहा कि खरीदी के दौरान छोटे किसानों को पहले टोकन जारी किया जाए। सूर्यास्त के बाद किसी भी स्थिति में धान की खरीदी नहीं होगी। धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था तथा धान खरीदी की मानिटरिंग के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों की ड्यूटी लगाने एवं उपार्जन केन्द्रों का भ्रमण कर आवश्यक तैयारी का जायजा लेने की बात कही। साथ ही धान खरीदी की मानिटरींग हेतु सम्बन्धित एसडीएम, तहसीलदार और सीईओ जनपद पंचायत द्वारा करने की बात कही।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को सीमावर्ती एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी के निर्देश दिये है। उन्होंने जिले में अवैध धान की आवक रोकने के लिए सूचना तंत्र को सक्रिय करने, बिचौलियों पर निगरानी रखने, गोदामों पर स्टॉक का सत्यापन करने एवं अवैध परिवहन करने वालों पर सख्त कार्यवाही किये जाने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
