जशपुर जिले के प्रभारी सचिव ने बालाछापर गौठान का किया आकस्मिक निरीक्षण, गौठान में सेग्रिगेशन शेड, मुर्गी बकरी शेड, जैविक खाद निर्माण, मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण यूनिट सहित अन्य गतिविधियो का किया अवलोकन

महिलाओं द्वारा किए जा रहे आजीविका गतिविधियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें किया प्रोत्साहित

समदर्शी न्यूज़ ब्यूरो,

जशपुर. जिले के प्रभारी सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना ने आज जशपुर विकासखंड के बालाछापर गौठान का आकस्मिक निरीक्षण कर गौठान से जुड़ी समूह की महिलाओं द्वारा की जा रही गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के.एस. मण्डावी, एसडीएम जशपुर बालेश्वर राम, जनपद सीईओ जशपुर प्रेम सिंह मरकाम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

प्रभारी सचिव ने गौठान में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन केन्द्र, मुर्गी-बकरी शेड, जैविक खाद निर्माण, मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण यूनिट, मेडिकल वेस्ट यूनिट का अवलोकन किया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत् कचरा संग्रहण एवं पृथककरण करने वाले राधारानी समूह की महिलाओं से उनके कार्यो के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि उनके द्वारा आस-पास के गांवो में घर-घर जाकर कचरा संग्रहण किया जाता है एवं केन्द्र में सभी कचरों का पृथकरण किया जाता है। साथ ही उनसे आकर्षक वस्तुंए तैयार की जाती है। इसी प्रकार मुर्गी-बकरी पालन करने वाले श्रीकृष्णा समूह की महिलाओं से उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी लेते हुए उन्हें स्थानीय स्तर पर विक्रय करने की बात कही।

साथ ही समूह की महिलाओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। जैविक खाद निर्माण का अवलोकन करते हुए उन्होंने नियमित रूप से गोबर क्रय करने एवं सतत् खाद निर्माण करने की बात कही। गौठान में मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण यूनिट का संचालन कर रही लक्ष्मी समूह की महिलाओं के कार्यो की जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने बताया कि अब तक प्रशिक्षण केन्द्र से 34 व्यक्तियों को ड्राइविंग सिखाया गया है।

इस दौरान उन्होंने बायो मेडिकल वेस्ट डिकम्पोज केन्द्र का निरीक्षण कर केन्द्र में लगाए गए इन्सीन्रेटर मशीन का अवलोकन करते हुए समूह की महिलाओं से कार्यप्रणाली की जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने इस संबंध में महिलाओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बिहान समूह की महिलाओं से उनके वित्तीय लेनदेन की जानकारी लेते हुए महिलाओं को नियमित रूप से ऋण वितरण करने की समझाईश दी।

उन्होंने कहा कि वित्तीय लेनदेन से उनके साख में वृ़िद्ध होगी। जिससे महिलाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं का आसानी से लाभ प्राप्त होगा। प्रभारी सचिव ने समूह की महिलाओं के कार्यो की तारीफ करते हुए सभी को आगे भी अच्छे से कार्य करने एवं आगे बढ़ते रहने के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

Related posts